आनंद कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विगत दिनों एआरटीओ कार्यालय में वरिष्ठ सहायक से हुई मारपीट मामले में 5 दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपी रमाशंकर यादव की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश सम्भागीय परिवहन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सहायक सम्भगीय परिवहन कार्यालय में पूर्ण रूपेण कार्य बहिष्कार कर धरना दिया।
वहीं यूपी सम्भागीय परिवहन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि “उच्चाधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता के पश्चात यह निर्णय लिया गया है कि वार्ता के क्रम में यह निर्णय लिया गया कि कार्य बहिष्कार एक सप्ताह के लिए स्थगित किया जाता है। यदि एक सप्ताह के अन्दर अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 23 जनवरी से प्रदेश के समस्त परिवहन कार्यालय में कार्य बहिष्कार किया जायेगा।”
बताते चलें कि उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय में गत 10 जनवरी को एआरटीओ कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक विनोद सोनकर के साथ कथित व्यक्तियों द्वारा मारपीट की गयी थी। घटना के बाद वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार सोनकर ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज में रमाशंकर यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराया था। अगले दिन एआरटीओ कार्यालय में कार्यरत समस्त कर्मचारियों ने सर्वसम्मत से यह निर्णय लिया गया था कि यदि 72 घण्टे के अन्दर अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हुयी तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होगें, जिसकी सूचना स्थानीय प्रशासन एवं विभागीय उच्चाधिकारियों को भी दी गयी थी। आज 5 दिन बीतने के उपरान्त भी अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जिससे आक्रोशित कर्मचारियों ने आज कार्य बहिष्कार कर धरना दिया।
इस दौरान जनपद सोनभद्र के समस्त कर्मचारी संगठन/घटक के पदाधिकारियों ने इस आन्दोलन को पूर्ण रूप से समर्थन दिया साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि अभियुक्त की यदि गिरफ्तारी नहीं होती है तो आगामी 23 जनवरी से परिवहन कार्यालय में किये जा रहे कार्य बहिष्कार के समर्थन में जनपद के सभी कार्यालयों में भी कार्य बहिष्कार किया जायेगा।
वहीं एआरटीओ कार्यालय पहुँचे पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) राहुल पांडेय ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित वरिष्ठ सहायक विनोद सोनकर और अन्य कर्मचारियों से वार्ता कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
इस दौरान राजेश सिंह जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ, अवनीश कुमार दूबे अध्यक्ष विकास भवन कर्मचारी संघ, विरेन्द्र कुमार उत्तर प्रदेश कर्मचारी महासंघ, ई0 प्रवीण कुमार मिश्र जिला उपाध्यक्ष राज्य कमर्चारी संघ संयुक्त परिषद, मो0 सलाउद्दीन जिला मंत्री राज्य कमर्चारी संयुक्त परिषद, विकाश प्रताप जिला मंत्री सम्भागीय परिवहन कर्मचारी संघ-वाराणसी, रामकुंवर खरवार, हरिशचन्द्र प्रसाद, गुणवती देवी, विनोद कुमार सोनकर, रामसूरत आदि उपस्थित रहे।