मुख्य अग्निशमन सुरक्षा अधिकारी श्रीराम साहनी और अग्निशमन अधिकारी करन यादव की टीम ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध जिला अस्पताल, एल-2 अस्पताल, एमसीएच विंग और ब्लड बैंक के पीछे स्थित रॉबर्ट्सगंज के प्रसवोत्तर केंद्र का निरीक्षण किया। यदि 100 बेड के एमसीएच विंग को छोड़ दिया जाय तो अन्य किसी के पास भी अग्निशमन की एनओसी नहीं मिला। सबसे खराब स्थित रॉबर्ट्सगंज स्थित प्रसवोत्तर केंद्र की थी। करीब साल भर पहले इसी केंद्र के सामने स्वास्थ्य विभाग के गोदाम में भीषण आग लगी थी, बावजूद यहां एक भी अग्निशमन यंत्र नहीं मिला। टीम ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। जिला अस्पताल, एल-2 और प्रसवोत्तर केंद्र का अग्निशमन अधिकारियों ने इसी साल जून में फायर ऑडिट की थी। इस दौरान मिली खामियों पर जिम्मेदारों को नोटिस जारी करते हुए जरूरी सुविधाएं पूरी कराते हुए एनओसी लेने काे कहा था लेकिन पांच माह बाद भी किसी ने न कमियां सुधारी और न ही एनओसी लेने की जरूरत समझी।