Varanasi News : अपने संसदीय क्षेत्र के 50वें दौरे पर शुक्रवार को काशी आएंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र के 50वें दौरे पर शुक्रवार को काशी पहुंचेंगे। वहीं यूपी की योगी सरकार के आठ साल पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला वाराणसी दौरा होगा।
.jpg&w=3840&q=75)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
varanasi
6:26 PM, April 10, 2025
◆ योगी सरकार के आठ साल होने के बाद पहली बार वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री
◆ प्रधानमंत्री काशी से जनहित की 3884.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं की पूर्वांचल को देंगे सौगात
◆ पीएम राजातालाब के मेहदीगंज में जनसभा को करेंगे संबोधित
◆ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे प्रधानमंत्री की अगवानी
वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र के 50वें दौरे पर शुक्रवार को काशी पहुंचेंगे। वहीं यूपी की योगी सरकार के आठ साल पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला वाराणसी दौरा होगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री काशी से जनहित की 3884.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं की सौगात पूर्वांचल को देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगभग ढाई घंटे का प्रवास करेंगे। पीएम राजातालाब के मेहदीगंज में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा का दावा है कि जनसभा में 50 हज़ार से ज्यादा जनमानस उमड़ेगा। पीएम की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। दोनों डिप्टी सीएम भी सभास्थल पर मौजूद रहेंगे। बनास डेयरी के चेयरमैन और गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी भी मंच पर रहेंगे।
सुबह 10.30 बजे पहुंचेंगे काशी
काशी और उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों के लिए विकास और कानून व्यवस्था का पैमाना बनता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निगरानी में काशी विकास के नए आयाम छू रहा है। सरकार के विकास कार्यों को जनता को समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री शुक्रवार को वाराणसी पहुंच रहे है। प्रधानमंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी सुबह तक़रीबन 10:30 बजे पहुंचेंगे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से ही हेलीकाप्टर द्वारा मेहंदीगंज के लिए उड़ान भरेंगे।




