Varanasi News : 11 वर्षों में बदला काशी का कलेवर, इस नई काशी को देखने के लिए हर श्रद्धालु उतावला- सीएम योगी
यह वही काशी है, जो संकरी गलियों के लिए जानी जाती थी, अपने जाम के लिए जानी जाती थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
varanasi
2:29 PM, April 11, 2025
◆ वाराणसी में लगभग 4 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए सीएम ने पीएम का जताया आभार
◆ सीएम बोले- विगत 11 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में दुनिया ने बदलती हुई काशी को देखा है
◆ यह वही काशी है, जो संकरी गलियों के लिए और अपने जाम के लिए जानी जाती थी- मुख्यमंत्री
◆ काशी में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी समेत विभिन्न क्षेत्रों में 11 वर्षों के अंदर 50 हजार करोड़ की परियोजनाएं आईंः सीएम
◆ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया स्वागत और अभिनंदन
◆ प्रधानमंत्री को राधा-कृष्ण की लीलाओं से आच्छादित अंगवस्त्र और वाराणसी के जीआई टैग प्राप्त काष्ठकला से निर्मित कमल छत्र किया भेंट
वाराणसी । महाकुंभ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र काशी आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि विगत 11 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काशी का जो विकास हुआ है उस नई काशी को, उसके नए कलेवर को देखने के लिए पूरे देश के श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर किसी ने पिछले 11 वर्ष में बदलती हुई काशी को देखा है। यह वही काशी है, जो संकरी गलियों के लिए जानी जाती थी, अपने जाम के लिए जानी जाती थी। काशी शिक्षा का प्राचीन केंद्र रही है, लेकिन अस्त-व्यस्त पड़े शिक्षा के केंद्रों के साथ ही स्वास्थ्य के लिए, पर्यटन के लिए, कनेक्टिविटी के लिए पिछले 11 वर्षों में यहां 50000 करोड रुपए से अधिक की परियोजनाएं आई हैं। आज भी प्रधानमंत्री जी के कर कमलों से काशी में लगभग 4000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हो रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राधा-कृष्ण की लीलाओं से आच्छादित अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिन्ह के रूप में वाराणसी की जीआई टैग प्राप्त काष्ठकला से निर्मित कमल छत्र भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।




