Varanasi News : प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए समय से पूरी की जाएं सभी तैयारियां- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की।
varanasi
7:57 PM, April 3, 2025
◆ सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
◆ मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर जमीन धसने की घटना का लिया संज्ञान गुणवत्ता की जांच कराकर शीघ्र मरम्मत के दिए निर्देश
◆ मुख्यमंत्री ने नेशनल फॉरेंसिक विश्वविद्यालय के विस्तार कैंपस के लिए उपयुक्त स्थल चयन करने को कहा
◆ जल जीवन मिशन में पेयजल कनेक्शन के बाबत समुचित जानकारी न दिए जाने पर सीएम ने चीफ इंजीनियर को तैयारी के साथ आने का दिया निर्देश
◆ सीएम ने फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने के दिए निर्देश
वाराणसी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे में होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियों को समय से पूरा किए जाने और प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन-शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की सभी तैयारी करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर कतिपय स्थानों पर जमीन के धंसने की घटना का संज्ञान लिया। इसके गुणवत्ता की जांच कराते हुए शीघ्र मरम्मत कराने और वरुणा रिवर फ्रंट के सुंदरीकरण कार्यों के संबंध में शीघ्र ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य किए जाने का निर्देश दिया।
पीएम के प्रस्तावित सभास्थल का किया निरीक्षण
सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सबसे पहले प्रधानमंत्री के प्रस्तावित सभास्थल राजा तालाब के मेहंदीगंज पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद किए जाने के साथ ही अन्य सभी तैयारी भी समय से पहले पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। बोले कि सभा स्थल पर आने वालों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहां पेयजल, छाया, मोबाइल टॉयलेट, ओआरएस पैकेट आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। बैठक में कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया। साथ ही प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पित तथा शिलान्यास होने वाली विकास की परियोजनाओं की भी जानकारी दी।




