अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन का बड़ा एलान, नहीं लड़ेंगे राष्ट्रपति पद का चुनाव
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रविवार को राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है । बाइडेन ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है ।
america
1:03 AM, July 22, 2024
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रविवार को राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है । बाइडेन ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है । इसके साथ ही उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के नए उम्मीदवार के रूप में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का समर्थन किया है। बाइडेन का यह निर्णय पिछले महीने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रेसिडेंशियल डिबेट के बाद आया है, जिसके बाद से डेमोक्रेटिक पार्टी के कुछ नेता उन पर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से हटने का दबाव बना रहे थे। बाइडेन ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की है ।
बाइडन ने यह घोषणा डेमोक्रेटिक सांसदों के बढ़ते विरोध के बीच की है, जिन्होंने उनसे पद छोड़ने का आह्वान किया है। डोनाल्ड ट्रंप के साथ बहस में उनके प्रदर्शन के कारण कई सांसदों ने उनसे दौड़ से हटने का आग्रह किया था। बाइडन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पत्र शेयर करके अपने फैसले के बारे में जानकारी दी है।
राष्ट्रपति बाइडेन ने अपने बयान में कहा, “मेरा मानना है कि यह मेरी पार्टी और देश के सर्वोत्तम हित में है कि मैं पद छोड़ दूं और अपने शेष कार्यकाल में केवल राष्ट्रपति के रूप में अपने कर्तव्यों के निर्वहन पर ध्यान केंद्रित करूं।”




