UP News : बेकाबू स्कार्पियो डिवाइडर तोड़ ट्रक से टकराई, पाँच डॉक्टरों की मौत, एक जख़्मी
कन्नौज में सड़क हादसे में सैफई मेडिकल कॉलेज के 5 डॉक्टरों की मौत हो गई। हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तिरवा में बुधवार तड़के 3.30 बजे हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में..

lucknow
9:06 AM, November 27, 2024
जनपद न्यूज़ ब्यूरो
• सैफई मेडिकल कॉलेज में पीजी कर रहे थे पांचों मृतक डॉक्टर
• स्कार्पियो से विवाह समारोह से शामिल होकर वापस लौट रहे थे पाँचों डॉक्टर
• लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर सैफई के पास हुआ हादसा
सोनभद्र । कन्नौज में सड़क हादसे में सैफई मेडिकल कॉलेज के 5 डॉक्टरों की मौत हो गई। हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तिरवा में बुधवार तड़के 3.30 बजे हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में आ गई। फिर ट्रक ने स्कार्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो कई मीटर तक घिसटती चली गई। स्कार्पियो में 6 लोग सवार थे, 5 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर है। मरने वाले सभी डॉक्टर सैफई मेडिकल कॉलेज से पीजी कर रहे थे। मंगलवार को एक शादी में शामिल होकर लखनऊ से लौट रहे थे, लौटते वक्त हादसा हुआ।
ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा -
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने और ओवर स्पीड की वजह से हादसा हुआ है। स्कार्पियो ने पहले डिवाइडर को तोड़ा फिर कई पलटी खाते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। उस लेन में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कार्पियों को चपेट में ले लिया। सुबह 3:43 बजे कंट्रोल रूम के नंबर पर हादसे की सूचना मिली। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो बुरी तरह पिचक गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से गाड़ी को काटकर सभी शवों और घायल को बाहर निकाला। एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज यूनिवर्सिटी का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। सभी को जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां 5 डॉक्टरों को मृत घोषित कर दिया, वहीं एक को गंभीर घायल को भर्ती किया गया है।
मृतकों की हुई पहचान -
हादसे में जिन 5 डॉक्टरों की मौत हुई है। उनकी पहचान हो चुकी है। मृतकों में अनिरुद्ध वर्मा (29) पुत्र पवन कुमार वर्मा, निवासी A 5 राधा विहार एक्सटेंशन कमला नगर आगरा, संतोष कुमार मोर्य पुत्र जीत नारायण निवासी राजपुरा भाग 3 भदोही संत रविदास नगर, अरुण कुमार पुत्र अंगद लाल। निवासी तेरा मल मोतीपुर कन्नौज, नरदेव पुत्र राम लखन गंगवार। निवासी नवाबगंज, बरेली तथा एक व्यक्ति अज्ञात शामिल हैं जबकि स्कार्पियो सवार एक युवक जयवीर सिंह पुत्र करण सिंह निवासी बुद्ध विहार मुरादाबाद की हालत गंभीर है और इलाज किया जा रहा है।