Lakhimpur Kheri news : अजगर ने युवक को जकड़ा, साथियों ने मशक्कत कर बचाई जान
निघासन कस्बे के वार्ड नंबर चार गांधी नगर नई बस्ती निवासी मुनेश उर्फ मुंशी उस समय बाल-बाल बच गए

lakhimpur kheri
11:30 PM, September 21, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- घास काटते समय अचानक किया हमला, बाएं हाथ में आई चोट
निघासन/लखीमपुर खीरी। निघासन कस्बे के वार्ड नंबर चार गांधी नगर नई बस्ती निवासी मुनेश उर्फ मुंशी उस समय बाल-बाल बच गए, जब घास काटने के दौरान एक विशालकाय अजगर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अजगर ने कुछ ही क्षणों में युवक के शरीर को अपने शिकंजे में जकड़ लिया।
अचानक हुए हमले से युवक घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अपने साथियों के पास पहुंचकर मदद के लिए आवाज लगाई। मुनेश की चीख सुनकर साथी तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद अजगर के चंगुल से उसे मुक्त कराया।
अजगर की जकड़न के कारण मुनेश के बाएं हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद साथी उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और हालत सामान्य पाए जाने पर उसे घर भेज दिया।
बताया जा रहा है कि घटना दुधवा टाइगर रिजर्व की निघासन वन रेंज के आसपास हुई। घटना की जानकारी ग्रामीणों की ओर से वन विभाग को नहीं दी गई, जिसके चलते विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में अजगर की मौजूदगी की सूचना नहीं मिल सकी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में जंगली जीवों को लेकर चिंता का माहौल है।




