UP News : दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, मामा-भांजे समेत तीन की मौत
शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। ललौली तिराहा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक अपने चार वर्षीय भांजे और दूसरी बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

hardoi
6:01 PM, August 28, 2026
हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। ललौली तिराहा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक अपने चार वर्षीय भांजे और दूसरी बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान पुसेड़ा गांव निवासी गौरव सिंह (37) पुत्र अमर सिंह, उनके चार वर्षीय भांजे सूर्यांश पुत्र दुष्यंत और हमदापुर निवासी मोनू (18) पुत्र गुड्डू के रूप में हुई है।
बताया गया कि मोनू बाइक से रिश्तेदारी से अपने गांव हमदापुर वापस जा रहा था। इसी दौरान ललौली तिराहा के पास उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर गौरव सिंह अपने भांजे सूर्यांश के साथ सवार थे। दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिलग्राम थाना प्रभारी विजय कुमार के मुताबिक दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। हादसे की खबर से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है, जबकि दोनों गांवों में शोक का माहौल है।




