Lakhimpur Kheri news : कार-कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत में छह युवक घायल, दो गंभीर
शारदानगर क्षेत्र में मंगलवार शाम बेलपुरवा गांव के पास तेज रफ्तार कार और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

lakhimpur kheri
9:09 PM, October 6, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
शारदानगर, लखीमपुर खीरी। थाना शारदानगर क्षेत्र में मंगलवार शाम बेलपुरवा गांव के पास तेज रफ्तार कार और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार छह युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में मझरा फार्म, थाना कोतवाली सदर निवासी साहिल (22), गोलू (20), शिवा (18), विशाल (18), आकाश (16) और हिमांशू (22) घायल हुए हैं।
प्राथमिक उपचार के दौरान साहिल और गोलू की हालत गंभीर पाए जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल खीरी रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




