UP News : बरेली में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की भिड़ंत, एक की मौत, कई घायल
आंवला-रामनगर मार्ग पर मंगलवार रात रसूलपुर मोड़ के पास कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

bareilly
1:41 PM, August 12, 2026
बरेली। आंवला-रामनगर मार्ग पर मंगलवार रात रसूलपुर मोड़ के पास कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कई कांवड़िए और टेंपो चालक घायल हो गए। टक्कर के बाद कांवड़ियों से भरी ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, रामनगर क्षेत्र के गांव किटोना से तीन अगस्त को कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था। हरिद्वार से लौटने के बाद कांवड़ियों ने गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद सभी कांवड़िए ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव किटोना लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे टेंपो से उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आंवला और रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, टेंपो चालक रवि निवासी खनगांव श्याम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति कांवड़ियों के जत्थे में शामिल नहीं था। वह टेंपो में सवार होकर कहीं जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय, इंस्पेक्टर आंवला बीनू सिंह और रामनगर चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई।
सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतक कांवड़िया नहीं था, बल्कि टेंपो में सवार होकर कहीं जा रहा था। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।




