UP News : कुशीनगर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार महिलाओं की मौत
कुशीनगर जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे

kushinagar
5:34 PM, April 2, 2026
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु महराजगंज जिले के बड़हरा गांव के निवासी थे और नारायणी नदी किनारे स्थित भैंसहा दुर्गा मंदिर में लगने वाले मेले में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल के पास यह हादसा हो गया।
चार महिलाओं की हुई मौत
हादसे में गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं — मीरा देवी, विमला देवी, किसमति देवी और सरिता देवी — को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। चारों मृतक महिलाएं महराजगंज जिले के बड़हरा गांव की निवासी थीं।
हादसे की वजह आई सामने
परिजनों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर किनारे मुड़ने वाली थी, लेकिन चालक आगे निकल गया। पीछे बैठे लोगों ने रास्ता छूटने की आवाज लगाई, जिसे सुनकर चालक पीछे देखने लगा। इसी दौरान उसका ध्यान भटक गया और अचानक ब्रेक लगाने से ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नहर में पलट गई।
प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सभी मृतकों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और परिजनों से मुलाकात की। कुशीनगर प्रशासन ने इस घटना की सूचना महराजगंज प्रशासन को भी दे दी है।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



