UP News : निर्माणाधीन फैक्ट्री के गहरे गड्ढे में डूबे तीन बच्चे, दो की मौत, तीसरे की तलाश जारी
इसी दौरान गुड्डू गौतम का 13 वर्षीय पुत्र देवा, शंकर का 10 वर्षीय पुत्र सुमित और धर्मराज का 15 वर्षीय पुत्र दिव्यांश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

barabanki
9:18 PM, September 20, 2026
बाराबंकी । कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना गांव के बाहर रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन फैक्ट्री परिसर में मिट्टी निकालने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने के बाद उसमें नहाने पहुंचे तीन बच्चे डूब गए। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश जारी है ।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब चार बजे गांव के कुछ बच्चे फैक्ट्री के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान गुड्डू गौतम का 13 वर्षीय पुत्र देवा, शंकर का 10 वर्षीय पुत्र सुमित और धर्मराज का 15 वर्षीय पुत्र दिव्यांश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
तीनों बच्चों को पानी में डूबता देखकर मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने किसी तरह देवा और सुमित को पानी से बाहर निकाला और तत्काल निजी अस्पताल ले गए लेकिन वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, तीसरे बच्चे दिव्यांश का देर तक कोई पता नहीं चल सका। घटनास्थल पर उसके कपड़े मिले हैं। सूचना मिलने के बाद कुर्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गड्ढे में दिव्यांश की तलाश कराई जा रही है ।
अंधेरा होने के कारण पुलिस ने मौके पर रोशनी की व्यवस्था कराई और सर्च ऑपरेशन जारी रखा है ।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




