Shahjahanpur news : लूटकांड के तीन आरोपी मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
युवक से लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

shahjahanpur
10:48 AM, November 19, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
★ बड़ागांव अंडरपास के पास तड़के पुलिस-एसओजी से हुई मुठभेड़, लूटा लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी बरामद
शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र में युवक से लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार तड़के बड़ागांव अंडरपास के पास पुलिस और एसओजी टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई।
पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में तीनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
इस तरह हुई मुठभेड़
पुवायां क्षेत्र के अनावा मोड़ के पास एक युवक से लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी लूट ली गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
गुरुवार तड़के पुलिस और एसओजी टीम को बड़ागांव अंडरपास के पास संदिग्धों की मौजूदगी की सूचना मिली। टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों आरोपी घायल हो गए।
इनकी हुई पहचान
घायल आरोपियों की पहचान मौसम दीक्षित निवासी सिसोरा, खीरी, अर्पित सक्सेना निवासी बड़ागांव, शाहजहांपुर और नितिन गौतम निवासी सुआ ताली, खीरी के रूप में हुई है।
ये सामान बरामद हुआ
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस, करीब 20 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो तमंचे और चार कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार लूट की वारदात में तीन अन्य साथी भी शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




