UP News : फतेहपुर में आंधी का कहर, 11 लोगों की मौत, 15 गंभीर रूप से घायल
बुधवार शाम आए तेज आंधी ने जिले में बड़ी तबाही बरपायी है l जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं ।

fatehpur
3:03 PM, May 14, 2026
- राहत कार्य में जुटा प्रशासन
फतेहपुर । बुधवार शाम आए तेज आंधी ने जिले में बड़ी तबाही बरपायी है l जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं ।
जानकारी के मुताबिक गाजीपुर थाना क्षेत्र के डोढ़ावर गांव निवासी राजबहादुर का 12 वर्षीय बेटा ऋतिक हथगाम थाना क्षेत्र के कासिमपुर कटरा गांव स्थित अपने ननिहाल में टीन शेड के नीचे बैठा था। तभी अचानक तेज आंधी आने से शेड बच्चे के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हथगाम थाना क्षेत्र के चलथरा गांव निवासी 65 वर्षीय उमैरा तूफान के दौरान छत से उतरते समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मनमोहनपुर गांव निवासी 68 वर्षीय वासुदेव जंगल से लौट रहे थे तभी उनके ऊपर पेड़ गिर गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अब्दुलगनीपुर मजरे सेमौरी गांव में 41 वर्षीय प्रेमा देवी की पेड़ गिरने से मौत हो गई। वहीं मंडवा गांव निवासी 80 वर्षीय अब्दुल जलील दीवार गिरने से मलबे में दब गए, जिससे उनकी जान चली गई।
खागा थाना क्षेत्र के बसंता का पुरवा मजरे संवत गांव में 15 वर्षीय ननकी छत पर गेहूं समेट रही थी, तभी पड़ोसी का निर्माणाधीन मकान तेज आंधी में भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से किशोरी की मौत हो गई।
उधर हुसेनगंज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव में आंधी के दौरान मकान की दीवार गिरने से पांच लोग दब गए। हादसे में दुर्योधन की पत्नी शियाकली की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
प्रशासन के मुताबिक खागा तहसील क्षेत्र में सबसे ज्यादा 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि सदर तहसील क्षेत्र में 1 व्यक्ति की जान गई है।
आंधी-तूफान में शिवांश, कल्पना देवी, श्रीदेवी और चंद्रपाल की पत्नी समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। तेज तूफान से फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगह बिजली के पोल टूटकर गिर गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की तैयारी की जा रही है।




