Lakhimpur kheri News : दुर्लभ बाजों की तस्करी का खुलासा, लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ से एक कथित अंतरराष्ट्रीय पक्षी तस्कर को गिरफ्तार किया है।

lucknow
10:21 PM, October 31, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखनऊ/लखीमपुर। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ से एक कथित अंतरराष्ट्रीय पक्षी तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज मसर्रत खान के रूप में हुई है, जो मुंबई का निवासी बताया जा रहा है। एसटीएफ ने आरोपी को मदेयगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से सात दुर्लभ प्रजाति के बाज (फाल्कन) बरामद किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन सातों पक्षियों की अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित पक्षियों और वन्यजीवों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारियां दी हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से दुर्लभ पक्षियों को पकड़ते थे।
इसके बाद इन पक्षियों को मुंबई के रास्ते विदेशों में भेजा जाता था। तस्करी के इस नेटवर्क के जरिए दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक पक्षियों की आपूर्ति किए जाने की बात सामने आई है।
एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।




