UP news : त्योहारों से पहले चमकेंगी यूपी की सड़कें, 681 प्रमुख मार्गों की मरम्मत का फरमान
बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है।

lucknow
4:16 PM, September 11, 2026
लखनऊ। बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को बारिश से प्रभावित सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए। बरसात थमने के बाद सड़कों की स्थिति के आधार पर उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लगातार बारिश को देखते हुए सड़कों की निगरानी और नए क्षतिग्रस्त मार्गों का तत्काल सर्वे कराने को कहा। आगामी पर्व-त्योहारों से पहले प्रदेश के 681 प्रमुख मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान अधिक यातायात वाले मार्ग शामिल हैं।
सिर्फ पैचवर्क से नहीं चलेगा काम
योगी ने साफ कहा कि गड्ढामुक्ति अभियान खानापूर्ति तक सीमित न रहे। तत्काल खराब सड़कों को पहले आवागमन योग्य बनाया जाए और बरसात के बाद जरूरत के मुताबिक स्थायी मरम्मत कराई जाए। उन्होंने निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदेश में नौ विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं। मौजूदा अभियान में करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है। अब तक 5,751 किलोमीटर मार्गों पर काम पूरा हो चुका है।
30 हजार किमी सड़कों का होगा नवीनीकरण
सरकार ने करीब 30 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण और 5 हजार किलोमीटर मार्गों की विशेष मरम्मत का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब 14 हजार किलोमीटर नवीनीकरण और 700 किलोमीटर विशेष मरम्मत पूरी होने की जानकारी बैठक में दी गई।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल, स्कूल, बाजार, सरकारी कार्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों को जोड़ने वाले अधिक आवागमन वाले मार्गों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे की निर्माणाधीन परियोजनाओं के चलते भारी वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त सड़कों का भी विभागवार सर्वे कराया जा रहा है।
योगी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि सड़क निर्माण और परियोजनाओं के कारण पैदा होने वाली यातायात संबंधी दिक्कतों का समय रहते समाधान किया जाए।




