UP News : भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ठाकुर श्री बांके बिहारी के दरबार में लगाई हाजिरी
उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को ठाकुर श्री बांके बिहारी के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी नई पारी की शुरुआत की।

mathura
4:38 PM, December 27, 2025
उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को ठाकुर श्री बांके बिहारी के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी नई पारी की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि ठाकुर श्री बांके बिहारी जी का आशीर्वाद लेकर वह अपनी प्रदेश यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे 2027 में पार्टी की प्रचंड जीत की कामना ठाकुर जी से की है।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कामना थी कि ठाकुर श्री बांके बिहारी के आशीर्वाद के बाद अपनी प्रदेश यात्रा शुरू करूं। अब इसके बाद वह पार्टी के संगठन को नई ऊर्जा देने का काम करेंगे। एसआईआर से जुड़े सवाल पर कहा कि यह चुनाव आयोग की वैधानिक व्यवस्था है। मतदाता सूची का परिशोधन आवश्यक है। भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की मीटिंग पर उन्होंने कहा कि भाजपा सर्व समाज का प्रतिनिधित्व करती है। इसमें जातिगत आधार पर बैठक करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। सभी विधायकों को चेतावनी देने के साथ उनसे बात भी की गई है।
आगरा में ब्रज प्रदेश की संगठनात्मक बैठक से पहले मथुरा वृन्दावन पहुंचे नवागत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का जीएलए यूनिवर्सिटी के समीप पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।इसके बाद उनका काफिला ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचा। जहां सेवायत गोस्वामी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन अर्चन कराया।



