UP News : उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख लोग कल दिल्ली की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में होंगे शामिल- आराधना मिश्रा 'मोना'
यह भागीदारी केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रदर्शन होगी।

lucknow
6:40 PM, October 31, 2026
० प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में दिल्ली महारैली में दिखेगी उत्तर प्रदेश कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत
० राहुल गांधी जी के नेतृत्व में ही सुरक्षित रहेगा देश का संविधान और लोकतंत्र- आराधना मिश्रा 'मोना'
० 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली मौजूदा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी- आराधना मिश्रा 'मोना'
लखनऊ । दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कल, 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली में उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। अब तक लगभग दस हजार लोग दिल्ली स्थित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के कैंप कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक दिल्ली पहुंचकर इस ऐतिहासिक महारैली को सफल बनाएंगे। यह भागीदारी केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रदर्शन होगी।
श्रीमती मिश्रा ने कहा कि इस महारैली में उत्तर प्रदेश की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने व्यापक रणनीति तैयार की थी। जिला, शहर एवं ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी का पूरा संगठन दिन-रात एक करके कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के लिए जुटा रहा। संगठन के सभी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम कल दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ऐतिहासिक भागीदारी के रूप में दिखाई देगा।
उन्होंने कहा कि इस महारैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न सामाजिक संगठनों, सिविल सोसाइटी, प्रबुद्ध वर्ग और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों की भी व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लोगों को दिल्ली पहुंचाने के लिए बनाई गई रणनीति सफल रही है और बड़ी संख्या में लोग आज देर रात तक दिल्ली पहुंचेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की है। केंद्र की सत्ता में बैठी सरकार जनता के सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार यानी मतदान के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं जननायक श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देश के प्रत्येक नागरिक के वोट की ताकत और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान से कल लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की एक बुलंद आवाज उठेगी। यह महारैली देश के नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और जनता के अधिकारों की रक्षा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
अंत में आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरी ताकत के साथ इस अभियान में जुटी है। हमारा संकल्प स्पष्ट है—लोकतंत्र बचेगा, संविधान बचेगा और जनता के वोट का अधिकार सुरक्षित रहेगा। 'वोट बचाओ, देश बचाओ' की यह महारैली मौजूदा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।




