UP News : जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगने का मायावती ने किया स्वागत
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगाए जाने के फैसले का स्वागत किया है।

lucknow
3:11 PM, July 28, 2026
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगाए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में तोड़फोड़ जैसी कठोर कार्रवाई के बजाय संस्थानों को नियमों के अनुरूप नियमित करने और समाधान निकालने की दिशा में काम करना चाहिए।
मायावती ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण का हवाला देकर भवनों को ध्वस्त करने की प्रस्तावित कार्रवाई पर रोक लगाना एक उचित निर्णय है। उनका मानना है कि शिक्षा संस्थानों से जुड़े मामलों में संवाद और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से समाधान तलाशा जाना चाहिए, ताकि छात्रों के हित प्रभावित न हों।
गौरतलब है कि जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को लेकर रामपुर विकास प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की थी। हालांकि, मामले की सुनवाई के दौरान संबंधित प्राधिकरण के आदेश पर कमिश्नर ने फिलहाल रोक लगा दी गई है।




