UP News : राम मंदिर CEO के चयन के लिए इंटरव्यू समाप्त, 2 सितंबर को ट्रस्ट बैठक में होगी घोषणा
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पद मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। CEO पद के लिए दो दिनों तक चले इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो गई है।

ayodhya
10:40 PM, August 12, 2026
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पद मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। CEO पद के लिए दो दिनों तक चले इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस दौरान कुल 18 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया।
CEO पद के लिए उम्मीदवारों के इंटरव्यू लेने वाली जूरी अब अपनी पसंद के तीन नाम राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपेगी। जूरी मेंबर्स की ओर से सुझाए गए तीन नामों में से किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लगाने का अधिकार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पास होगा।
जानकारी के मुताबिक, 2 सितंबर को होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में CEO के नाम की घोषणा की जाएगी। बैठक में जूरी की ओर से भेजे गए तीन नामों पर चर्चा के बाद एक नाम का चयन किया जाएगा।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, मंदिर परिसर के विस्तार और व्यवस्थाओं को देखते हुए CEO का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चयनित अधिकारी के सामने मंदिर से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
फिलहाल इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें जूरी की ओर से ट्रस्ट को भेजे जाने वाले तीन नामों और 2 सितंबर की ट्रस्ट बैठक पर टिकी हैं। बैठक के बाद राम मंदिर के नए CEO के नाम से पर्दा उठ जाएगा।




