UP News : सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, पांच महिलाओं की मौत, 13 घायल
हादसा महोली थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर इलाके में हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे, जो हरदोई में मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर महोली क्षेत्र लौट रहे थे।

sitapur
8:18 PM, November 6, 2026
० मुंडन संस्कार से लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, चालक फरार
सीतापुर। महोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हरदोई से मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में पांच महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा महोली थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर इलाके में हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे, जो हरदोई में मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर महोली क्षेत्र लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना तथा मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। एक ओर जहां मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है, वहीं दूसरी ओर घायलों के बेहतर उपचार और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में प्रशासन जुटा हुआ है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।




