UP News : प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा, डंपर की चपेट में आने से दंपती समेत तीन की मौत, मासूम गंभीर
चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बाघराय थाना क्षेत्र में सेवा नहर के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई।

pratapgarh
8:52 PM, October 21, 2026
प्रतापगढ़। जिले के बाघराय थाना क्षेत्र में बुधवार को सेवा नहर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की और घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतकों की पहचान रीता (45), उनके पति हैदर (48) और नोखे लाल (40) के रूप में हुई है। हादसे में नोखे लाल का छह वर्षीय बेटा शुभम गंभीर रूप से घायल हुआ है।
एक ही बाइक पर सवार थे चार लोग
जानकारी के मुताबिक, कुंडा क्षेत्र के गैसपुर दुखीपुर निवासी रीता अपने पति हैदर के साथ मायके मऊआइमा, प्रयागराज जा रही थीं। नोखे लाल की ससुराल भी मऊआइमा में बताई जा रही है। चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बाघराय थाना क्षेत्र में सेवा नहर के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रीता, हैदर और नोखे लाल की मौत हो गई, जबकि शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर शव और क्षतिग्रस्त बाइक देखकर स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ जुट गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बाघराय थाना प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी श्रवण कुमार के अनुसार, नहर के पास डंपर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बच्चा घायल है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




