Sonbhadra News : यातायात जागरूकता माह के तहत पुलिस लाइन चुर्क में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 160 से अधिक लोगों की जांच
उप चिकित्साधिकारी सुमन जायसवाल और उनकी चिकित्सकीय टीम ने शिविर में पहुंचे लोगों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी।

sonbhadra
4:00 PM, November 29, 2026
शान्तनु विश्वास
सोनभद्र। यातायात जागरूकता माह के अंतर्गत पुलिस लाइन चुर्क में निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित शिविर का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने फीता काटकर किया।
शिविर में पुलिसकर्मियों, उनके परिवारजनों और आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उप चिकित्साधिकारी सुमन जायसवाल और उनकी चिकित्सकीय टीम ने शिविर में पहुंचे लोगों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी।
आयोजित शिविर में 160 से अधिक लोगों का निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




