UP News : हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत, 24 घायल
सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास तेज रफ्तार तेल टैंकर, रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रोडवेज बस चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

hamirpur
11:41 PM, August 5, 2026
- तेल टैंकर, रोडवेज बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत
- 6 गंभीर घायलों को कानपुर किया गया रेफर
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में नेशनल हाईवे-34 पर बुधवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास तेज रफ्तार तेल टैंकर, रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रोडवेज बस चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 24 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।




