Sonbhadra News : पत्नी ने बेटे संग मिलकर उतारा पति को मौत के घाट
घटना वाली रात में जब राम सिंह घर आया तो बेटे से वाद विवाद होने लगा। इतने में ही बेटे सूरज ने पिता राम सिंह के गले में लगे हुए गमछा को कस दिया, जिससे वह अचेत हो गया। मरणासन्न अवस्था में पहुंच गया।

sonbhadra
11:14 PM, September 14, 2026
- माँ-बेटा गिरफ्तार
- गला घोंट कर की गयी राम सिंह की हत्या
- 60 वर्ष के थे मृतक राम सिंह
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तेंदुआ गांव में बीते शनिवार को खेत में वृद्ध राम सिंह का शव मिलने के प्रकरण में मृतक की पुत्री पूनम देवी ने तहरीर देकर मां एवं भाई के विरुद्ध हत्या का अभियोग दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में गहनता से जुटी रही। नतीजा यह निकला कि मृतक की पत्नी व बेटे ने ही घटना को अंजाम दिया था। बीते शनिवार की सुबह मृतक राम सिंह के घर से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर खेत में शव मिला था। मामले की जांच पड़ताल अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुडवाल, एवं सीओ राजेश कुमार राय द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किया गया। इस संबंध में मृतक की पुत्री पूनम की तहरीर पर उसके भाई सूरज एवं मां कलावती के विरुद्ध हत्या का अभियोग दर्ज कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में सोमवार को पंजीकृत धारा 103(1), 238 (ए) बीएनएस से सम्बन्धित दो आरोपितों को जेल भेजा गया। बताया कि मिली तहरीर व जांच पड़ताल मे ज्ञात हुआ कि मृतक राम सिंह के पास कुल चार बीघा की जमीन है जिसमें 2 बीघा वह पूर्व में रेहन पर रखा था। शेष 2 बीघा बीते 10 सितंबर को रेहन पर रखा। जिसके रुपये पैसे को लेकर पत्नी व बेटे से विवाद था। मृतक शराब पीने का आदी था। इसी सब बातो को लेकर मृतक की हत्या कर शव को कुछ दूर रास्ते में रख कर चले जाने के सम्बन्ध मे रिपोर्ट दर्ज कराया गया। जांच पड़ताल व विवेचना मे पुलिस जुटी रही। शक की सुई मृतक के घरवालों पर टिक गई। कड़ी पूछताछ में सामने आया कि पत्नी व बेटे ही घटना को अंजाम दिए। सूरज व उसकी मां ने जुर्म कबूल किया। बताया गया कि घटना वाली रात में जब राम सिंह घर आया तो बेटे से वाद विवाद होने लगा। इतने में ही बेटे सूरज ने पिता राम सिंह के गले में लगे हुए गमछा को कस दिया, जिससे वह अचेत हो गया। मरणासन्न अवस्था में पहुंच गया। डर के मारे सूरज और उसकी मां कलावती ने राम सिंह को ले जाकर घर से दूर पगडंडी के रास्ते खेत में सुला दिया। तब तक राम सिंह ने दम तोड़ दिया था। आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा विशेष दिशा निर्देश दिया गया। एडिशनल एसपी व सीओ के निकट पर्वेक्षण व प्रभारी निरीक्षक घोरावल बृजेश सिंह के नेतृत्व में सोमवार को महिला हेडकांस्टेबल मीना यादव, कांस्टेबल योगेश पटेल, हरिश्याम की टीम तेंदुआ पहुँची और आरोपित कलावती तथा सूरज को उनके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपितो को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।




