UP News : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, एम्बुलेंस-पिकअप की टक्कर में पांच लोगों की मौत
एम्बुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप संख्या में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

barabanki
9:41 AM, November 21, 2026
बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार भोर भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सुबेहा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के 53.3 किलोमीटर के पास तेज रफ्तार एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई। हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, एम्बुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप संख्या में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस सवार लोग जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे। मृतकों की पहचान अमिनूर हक (40), हरिओम (33), रुपिक (50), मकबूल खान (62) और एम्बुलेंस चालक आलम के रूप में हुई है।
एम्बुलेंस में अजीजुलहक (38) का शव भी रखा हुआ था, जिसे लेकर परिजन अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही सुबेहा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मृतकों के शव सीएचसी हैदरगढ़ भेजे गए। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी की जा रही है।




