Sonbhadra News : करीब 4 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो-एन समेत कई सामान बरामद
उनके कब्जे से 69 हजार 500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड, विभिन्न पहचान एवं ड्राइविंग संबंधी दस्तावेज तथा घटना से संबंधित एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया गया है।

sonbhadra
5:39 PM, November 20, 2026
शान्तनु विश्वास
० हनुमत सोलर हाउस फर्म में गबन का आरोप
० सोशल मीडिया पर AI जनरेटेड तस्वीर के जरिए छवि खराब करने की शिकायत भी दर्ज
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में करीब चार करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 69 हजार 500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड, विभिन्न पहचान एवं ड्राइविंग संबंधी दस्तावेज तथा घटना से संबंधित एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हनुमत सोलर हाउस के संचालक विकास सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम अदलपुरा थाना चुनार जनपद मिर्जापुर, हाल निवासी कम्हारी, धर्मशाला रोड रॉबर्ट्सगंज सोनभद्र ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी दुकान में पूर्व में कार्यरत मैनेजर हरिगोविन्द सिंह पटेल सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा उनके बाहर रहने के दौरान करोड़ों रुपये का गबन किया गया।
वादी ने आरोप लगाया कि कथित गबन की धनराशि की रिकवरी के संबंध में शिकायत किए जाने से बचने के उद्देश्य से आरोपियों ने आपस में साजिश कर AI जनरेटेड लड़की की तस्वीर के साथ फेसबुक आईडी और व्हाट्सएप के माध्यम से भ्रामक सामग्री प्रसारित की, जिससे उनकी छवि धूमिल करने तथा दुकान की साख खराब करने का प्रयास किया गया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 894/2026, धारा 316(5), 351(3), 61(2)(क) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस ने मुखबिर से प्राप्त सूचना और साइबर सेल के सहयोग से आरोपियों की लोकेशन एवं आवागमन की जानकारी जुटाई। इसके बाद प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो-एन में मौजूद तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हरिगोविन्द सिंह पटेल पुत्र अशोक कुमार सिंह, विरेन्द्र प्रताप केशरी पुत्र नन्दलाल केशरी, दोनों निवासी वार्ड नंबर 15 अखाड़ा मोहल्ला कम्हारी थाना रॉबर्ट्सगंज, तथा इन्द्रेश सिंह पटेल पुत्र सुरेन्द्र नाथ सिंह पटेल निवासी ग्राम महेवा थाना रॉबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 69,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एसर कंपनी का एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दैनिक उपयोग के कपड़ों एवं अन्य सामान से भरे बैग तथा घटना से संबंधित एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया गया है।
वाहन के आवश्यक कागजात उपलब्ध न कराए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




