UP News : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, चार युवकों की मौत, दो बच्चे गंभीर
ऐसे में पुलिस को कार सवारों की पहचान करने में कठिनाई हो रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।

etawah
9:12 PM, November 10, 2026
इटावा । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में चौपला कट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा कार को पीछे से आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार सवार लोग इटावा से लखनऊ की ओर जा रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे चौपला कट से लगभग 50 मीटर की दूरी पर पीछे से आ रही डीसीएम ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से सैफई स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार नई थी और उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ऐसे में पुलिस को कार सवारों की पहचान करने में कठिनाई हो रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




