Sonbhadra News : यहां रेलवे लाइन पार कर स्कूल जाते हैं बच्चे, आजादी के बाद से अब तक नहीं मिला स्थाई मार्ग
बच्चों का कहना है कि उनके पास कोई विकल्प नहीं है। क्योंकि अन्य जो रास्ता है वह काफी दूर से घूम कर जाना पड़ता है । इसलिए वे शॉट कट इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।

sonbhadra
12:23 AM, November 28, 2026
- मालगाड़ी खड़ी रहने पर नीचे से पार करते दिखे ग्रामीण
- जनप्रतिनिधि आज तक नहीं उतरे ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरे
- ग्रामीण बोले- चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों को देंगे जवाब
शान्तनु विश्वास/प्रकाश खत्री
चुर्क रेलवे स्टेशन पार दर्जनों गांवों के लोगों के लिए रेलवे लाइन अभिशाप बना हुआ है। आजादी के बाद से अब तक लोगों को आने-जाने के लिए एक स्थाई मार्ग तक नसीब नहीं हुआ । बच्चे हों या फिर महिला व बुजुर्ग सभी लोग वर्षों से रेलवे लाइन पार कर आते-जाते हैं । हर दिन बच्चे सहित आम लोग जान जोखिम में डालकर आते-जाते हैं । कई बार मालगाड़ी या फिर यात्री ट्रेन खड़े रहने के कारण उन्हें ट्रेन के नीचे से या ऊपर चढ़कर पार करना पड़ता है ।
इस संबंध में बच्चों का कहना है कि उनके पास कोई विकल्प नहीं है । क्योंकि अन्य जो रास्ता है वह काफी दूर से घूम कर जाना पड़ता है । इसलिए वे शॉट कट इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं ।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगा चुके हैं लेकिन आज तक कोई सुधि नहीं लिया । उनका कहना है कि जल्द ही प्रशासन को अवगत कराकर हजारों की संख्या में लोग धरना व ट्रेन रोकने का काम करेंगे ।
कई लोगों का कहना है कि हरहुआ ग्राम पंचायत द्वारा दी गई जमीन पर चुर्क रेलवे स्टेशन बना है लेकिन आज तक स्थानीय लोगों को ही आने-जाने से रोका जा रहा है, रेलवे लाइन पार करने पर उनका चालान काट दिया वीजा रहा है । लोगों का कहना है कि इस बार चुनाव के समय नेताओं का बहिष्कार किया जाएगा और किसी भी दल को वोट नहीं देंगे ।
कई ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान सांसद रेलवे बोर्ड का सदस्य है लेकिन आज तक उन्हें न ग्रामीणों की समस्या सुनने का समय मिला और न मामला सदन में उठाने का ।
वहीं बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है और वे पूर्व में भी जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर शीर्ष पटल पर पहुंचाने का काम किया था लेकिन एक बार फिर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से समस्या को उठाने का काम करेंगे ।




