UP News : पुलिस लाइन चुर्क सहित जनपद के समस्त थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित
पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कलर (पुलिस ध्वज का प्रतीकात्मक बैज) लगाकर सम्मानित किया गया।

sonbhadra
1:57 PM, November 23, 2026
शान्तनु विश्वास
सोनभद्र । सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ध्वज दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा विधिवत ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी गई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ध्वज हमारे गौरवशाली अतीत, अदम्य साहस, बलिदान एवं कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। यह हम सभी पुलिसकर्मियों में गर्व, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कलर (पुलिस ध्वज का प्रतीकात्मक बैज) लगाकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग एवं शौर्य से ही पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा और अधिक मजबूत हुई है।
ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रेषित संदेश को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। संदेश में उल्लेख किया गया कि 23 नवम्बर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा उत्कृष्ट कार्य एवं अद्वितीय प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का प्रथम राज्य है।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों पर पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी गई तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश सभी पुलिसकर्मियों को सुनाया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात/सदर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




