UP News : बाराबंकी में पिकअप और ई-रिक्शा की भीषण टक्कर, तीन की मौत, पांच घायल
इसी दौरान देवा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

barabanki
8:58 PM, November 22, 2026
० हादसे में दो लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
० गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में मौत; मुंबई जा रहे थे सभी यात्री
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा देवा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर होने से हुआ। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा क्षेत्र के अभनपुर गांव के कुछ लोग रोजगार के सिलसिले में मुंबई जा रहे थे। सभी की बाराबंकी से ट्रेन थी। ट्रेन पकड़ने के लिए वे फतेहपुर से ई-रिक्शा में सवार होकर बाराबंकी रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान देवा थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।




