UP News : हरदोई लौट रहा परिवार कार सहित नहर में गिरा, दंपती और तीन माह के बच्चे की मौत
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार सभी लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया, जहां दंपती और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई।

hardoi
1:39 PM, November 6, 2026
हरदोई । गुड़गांव से हरदोई लौट रहा एक परिवार शुक्रवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गया। बिलग्राम थाना क्षेत्र के जफरपुर पुलिया के पास अनियंत्रित कार गहरी नहर में जा गिरी। हादसे में दंपती और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक युवक सुरक्षित बच गया। ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग गुड़गांव से हरदोई के चांद बेहटा जा रहे थे। शुक्रवार भोर करीब चार बजे शाहपुर मोड़ से आगे जफरपुर पुलिया के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी नहर में गिर गई। हादसे की सूचना डायल 112 पर मिलने के बाद उपनिरीक्षक अजय कुमार चौधरी कांस्टेबल जिगर मोहम्मद और रोहित सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार सभी लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया, जहां दंपती और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई।
हादसे में आदित्य सिंह (28) पुत्र रामनरेश सिंह सुरक्षित बच गए। वहीं रमेश (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और तीन माह के बच्चे की जान चली गई। सभी मूल रूप से ग्राम सर्रा, थाना सुरसा के निवासी थे तथा वर्तमान में चांद बेहटा, कोतवाली शहर क्षेत्र में रह रहे थे।




