UP News : शामली में दिनदहाड़े मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश मोहम्मद फुरकान ढेर, एक सिपाही घायल
शामली में दिनदहाड़े मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश मोहम्मद फुरकान ढेर हो गया। इस मुठभेड़ में एक सिपाही के पेट में भी गोली लगी है।

shamili
5:23 PM, August 5, 2026
शामली में दिनदहाड़े मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश मोहम्मद फुरकान ढेर हो गया। इस मुठभेड़ में एक सिपाही के पेट में भी गोली लगी है। इसके बाद पुलिस द्वारा फुरकान और सिपाही को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि सिपाही को मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक फुरकान पुत्र फैमुद्दीन निवासी कैराना कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। फुरकान पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार बदमाशों की सूचना पर टीम गांव खानपुर कला के जंगल में पहुंची थी। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें फुरकान गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मुठभेड़ के दौरान सिपाही हरविंदर के पेट में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शामली, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।




