UP News : नौकरी के चक्कर में मत पड़ो, ई-रिक्शा चलाओ... बृजेश पाठक के बयान पर बोले ओम प्रकाश राजभर- टेंपो चलाना कोई गुनाह नहीं
राजभर ने अपने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी टेंपो चलाया है। उनके मुताबिक, टेंपो चलाना कोई गुनाह नहीं है। उन्होंने कहा, "हम भी टेंपो चलाए हैं। टेंपो चलाना कोई गुनाह नहीं है।

ballia
5:10 PM, September 30, 2026
बलिया । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने युवाओं से नौकरी के पीछे भागने के बजाय ई-रिक्शा चलाकर अपने बच्चों के साथ समय बिताने की बात कही थी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी है। राजभर ने बृजेश पाठक के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने इसमें कुछ भी गलत नहीं कहा है।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि देश की आबादी करीब 25 करोड़ नहीं, बल्कि इससे कहीं अधिक है और हर व्यक्ति को सरकारी नौकरी देना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग योग्य हैं, उन्हें नौकरी मिल रही है, ऐसे में बृजेश पाठक ने जो बात कही है, वह सही है।
राजभर ने अपने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भी टेंपो चलाया है। उनके मुताबिक, टेंपो चलाना कोई गुनाह नहीं है। उन्होंने कहा, "हम भी टेंपो चलाए हैं। टेंपो चलाना कोई गुनाह नहीं है। हम तो टेंपो चलाते-चलाते सरकार चला रहे हैं।"
राजभर ने युवाओं को रोजगार के लिए नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के विकल्पों पर भी विचार करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिलना संभव नहीं है, इसलिए अपनी मेहनत और हुनर के जरिए रोजगार खड़ा करना भी एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के बयान और उस पर ओम प्रकाश राजभर की प्रतिक्रिया के बाद नौकरी, स्वरोजगार और युवाओं के रोजगार के विकल्पों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।




