Sonbhadra News : विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की आहट से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी
मंच के संयोजक धर्मेन्द्र सिंह ने सवाल उठाया कि जिस जमीन पर हजारों परिवार पीढ़ियों से बसे हैं, यदि वही जमीन विकास परियोजना के लिए अधिग्रहित होती है तो उन परिवारों का भविष्य कैसे सुरक्षित होगा।

sonbhadra
6:46 PM, November 29, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । मूल निवासी अधिकार मंच की बैठक आज चोपन विकासखंड के पटवथ स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में गवर्नमेंट ग्रांट वर्ग 1-ख की भूमि को पात्र खातेदारों के लिए संक्रमणीय भूमिधरी अधिकार दिए जाने सहित भौमिक अधिकार से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए सोनभद्र में शुरू हुई भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों ने विशेष चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि वे पीढ़ियों से गवर्नमेंट ग्रांट वर्ग 1-ख की जमीन पर काबिज होकर खेती और आवास के माध्यम से जीवनयापन कर रहे हैं। अब जब विकास परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तो उन्हें आशंका सता रही है कि भूमि की वर्तमान राजस्व श्रेणी के कारण उन्हें उचित मुआवजा और अपने अधिकारों के अनुरूप लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयां हो सकती हैं।
मंच के संयोजक धर्मेन्द्र सिंह ने सवाल उठाया कि जिस जमीन पर हजारों परिवार पीढ़ियों से बसे हैं, यदि वही जमीन विकास परियोजना के लिए अधिग्रहित होती है तो उन परिवारों का भविष्य कैसे सुरक्षित होगा। भूमि की कानूनी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से मुआवजे, पुनर्वास और आजीविका को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है।
बैठक में कहा गया कि सोनभद्र के विकास का स्वागत है, लेकिन विकास के नाम पर पीढ़ियों से बसे ग्रामीणों के भूमि अधिकार, उचित मुआवजे और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। मूल निवासी अधिकार मंच ने भौमिक अधिकार अभियान को आगे बढ़ाने और ग्रामीणों को उनके भूमि संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
बैठक को पूर्व बीडीसी अमरनाथ सूर्य, चुनमुन प्रधान,ग्राम प्रधान राम प्रताप साहनी,महेश जायसवाल एवं दीपक दुबे आदि ने संबोधित किया ।




