UP News : अतरौलिया सीट को लेकर BJP गठबंधन में बढ़ी तकरार, ओपी राजभर ने संजय निषाद पर साधा निशाना
राजभर ने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में अपनी पार्टी की सक्रियता और मेहनत का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी पिछले तीन वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रही है।

lucknow
7:53 PM, November 24, 2026
० अतरौलिया सीट पर दावे को लेकर सहयोगी दलों में खींचतान
० राजभर ने कहा— सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं, अमित शाह और नितिन नवीन करते हैं
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान तेज होती नजर आ रही है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बीच बयानबाजी ने गठबंधन के अंदर राजनीतिक तनाव को उजागर कर दिया है। सीट पर दोनों सहयोगी दलों की दावेदारी के बीच ओपी राजभर ने संजय निषाद पर तीखा हमला बोला है।
ओम प्रकाश राजभर ने अतरौलिया सीट को लेकर स्पष्ट तौर पर कहा कि सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं करते, बल्कि गठबंधन में सीटों का फैसला बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा, "मालिक संजय निषाद नहीं हैं। मालिक नितिन नवीन और अमित शाह हैं। वो लोग सीट बांटते हैं, संजय निषाद सीट नहीं बांटते।"
राजभर ने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में अपनी पार्टी की सक्रियता और मेहनत का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी पिछले तीन वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रही है। उन्होंने दावेदारी को लेकर बनाए जा रहे माहौल पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी की औकात नहीं है ऐसा माहौल बनाने की।
उन्होंने विरोधी दावेदारों पर तंज कसते हुए कहा कि जो अब अतरौलिया से चुनाव लड़ने के लिए सामने आ रहे हैं, वे पिछले पांच वर्षों से उड़नखटोला की तरह क्षेत्र से गायब रहे हैं। राजभर ने सवाल उठाया कि ऐसे लोगों से पूछा जाए कि उन्होंने थाने और तहसील में कितने लोगों की पैरवी की है, तो उनकी जुबान नहीं खुलेगी।
राजनीतिक चर्चाओं के बीच ओपी राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को अतरौलिया विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद भी इस सीट पर अपनी पार्टी की दावेदारी जता रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में यह सीट निषाद पार्टी के हिस्से में आई थी, जिसके चलते पार्टी इस बार भी सीट पर अपना दावा बनाए रखना चाहती है।
अतरौलिया सीट को लेकर दोनों सहयोगी दलों के बीच बढ़ती दावेदारी ने बीजेपी गठबंधन के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है। चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के नेताओं के बीच इस तरह की बयानबाजी गठबंधन की रणनीति और आपसी तालमेल के लिए चुनौती बन सकती है।
अब देखना होगा कि बीजेपी नेतृत्व अतरौलिया सीट को लेकर दोनों सहयोगी दलों की दावेदारी के बीच किसे प्राथमिकता देता है और गठबंधन में इस विवाद का क्या समाधान निकलता है।




