Sonbhadra News : जेबीसीसीआई-12 के गठन में देरी से भड़का बीएमएस, जल्द तय होगी आंदोलन की रणनीति सुजीत सिंह
उन्होंने घोषणा की कि संगठन जल्द ही विभिन्न कोयला कंपनियों में जाकर श्रमिकों से निर्णय लेकर आगे के आंदोलन की रणनीति तय करेगा।

sonbhadra
7:29 PM, November 24, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
शक्तिनगर (सोनभद्र) । अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ बीएमएस के महामंत्री सुजीत सिंह ने मंगलवार को एनसीएल के बीना-कृष्णशिला क्षेत्र स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में नवनिर्मित आगंतुक कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद कार्य समिति एवं परियोजना उप-समिति की बैठकों में बीना, ककरी,कृष्णशिला और खड़िया परियोजनाओं के पदाधिकारियों ने प्रतिवेदन रखे और संगठन सुदृढ़ीकरण पर मंथन किया।
कृष्णशिला के अधिकारी क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान सुजीत सिंह ने वेतन समझौते से जुड़े जेबीसीसीआई-12 के गठन में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई।उन्होंने कहा कि 25 से 30 जून तक प्रथम चरण का आंदोलन होने के बावजूद प्रबंधन की उदासीनता से गठन नहीं हो सका है, जिससे श्रमिकों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने घोषणा की कि संगठन जल्द ही विभिन्न कोयला कंपनियों में जाकर श्रमिकों से निर्णय लेकर आगे के आंदोलन की रणनीति तय करेगा। उन्होंने कोयला मंत्रालय की अक्टूबर 2026 की अनंतिम रिपोर्ट के हवाले से बताया कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच एनसीएल का कोयला उत्पादन 69.44 मिलियन टन रहा जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 81.35 मिलियन टन के मुकाबले करीब 14.64 प्रतिशत कम है। इसके साथ ही कोयला डिस्पैच में भी 7.95 प्रतिशत की गिरावट आई है,जिससे बिजली घरों को होने वाली आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका है।सुजीत सिंह ने एनसीएल में हो रही दुर्घटनाओं,खान सुरक्षा और कल्याण कार्यों की अनदेखी पर चिंता जताते हुए सुरक्षा मानकों के सख्त पालन, नियमित निरीक्षण, आधुनिक प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरणों की मांग की। उन्होंने ठेका श्रमिकों को उचित व समय पर वेतन, सामाजिक सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियां और सम्मानजनक व्यवहार देने तथा निजीकरण के दौर में श्रमिक हितों की रक्षा पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता राजकुमार मौर्य और संचालन पवन कुमार शर्मा ने किया, जबकि विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधकों ने उनसे शिष्टाचार भेंट भी की।




