UP News : डिप्टी CM की चिकित्सकों से अपील, दवा और जांच के नाम हिंदी में लिखें चिकित्सक
चिकित्सक मरीजों से उनकी मातृभाषा और स्थानीय बोलियों में भी संवाद करें, ताकि बीमारी, उपचार और दवाओं से संबंधित जानकारी उन्हें सहजता से समझ में आ सके।

lucknow
2:00 PM, September 25, 2026
- डिप्टी CM ने चिकित्सकों को लिखी पाती
लखनऊ। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने चिकित्सकों से मरीजों को लिखे जाने वाले दवाओं और जांचों के नाम हिंदी अथवा देवनागरी लिपि में लिखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्चे पर दवा का नाम स्पष्ट रूप से हिंदी में होने से मरीज को यह समझने में आसानी होगी कि उसे कौन सी दवा दी गई है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में भारतीय भाषाओं के प्रयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है। चिकित्सक मरीजों से उनकी मातृभाषा और स्थानीय बोलियों में भी संवाद करें, ताकि बीमारी, उपचार और दवाओं से संबंधित जानकारी उन्हें सहजता से समझ में आ सके।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था में सरल भाषा का प्रयोग मरीज और चिकित्सक के बीच संवाद को बेहतर बनाने में सहायक होगा। उन्होंने चिकित्सकों से हिंदी सहित भारतीय भाषाओं के अधिकाधिक प्रयोग को अपनी कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि हिंदी और भारतीय भाषाओं के प्रयोग से आम लोगों को चिकित्सा संबंधी जानकारी समझने में सुविधा मिलेगी। पत्र के माध्यम से उन्होंने चिकित्सक समुदाय से इस दिशा में पहल करने का आह्वान किया।




