UP News : कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में मुख्य आरोपी के घर चला बुलडोजर, मृतकों की संख्या 11 पहुंची
पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के मुख्य आरोपी आदिल के घर पर प्रशासन का बुलडोजर चला दिया गया।

kaushambi
10:42 PM, August 31, 2026
कौशाम्बी। जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के मुख्य आरोपी आदिल के घर पर प्रशासन का बुलडोजर चला दिया गया। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में नौशाद, शकील, शबाना, कहकसा, आदिल और साइना समेत छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के निर्देश पर मुख्य आरोपी आदिल के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
पटाखा फैक्ट्री में हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है।
सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है।
घटना के बाद इलाके में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले की जांच कर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




