UP बोर्ड रिजल्ट : 10वीं में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने संयुक्त रूप से किया टॉप
हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया है। 10वीं क्लास में सीतापुर की कशिश वर्मा और जैदपुर बाराबंकी की अंशिका वर्मा दोनों ने 97.83% नंबर लाकर यूपी बोर्ड 10वीं में टॉप किया है।

praygraj
5:49 PM, April 23, 2026
हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया है। 10वीं क्लास में सीतापुर की कशिश वर्मा और जैदपुर बाराबंकी की अंशिका वर्मा दोनों ने 97.83% नंबर लाकर यूपी बोर्ड 10वीं में टॉप किया है।
यूपी बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि इस वर्ष यूपी बोर्ड द्वारा कुल 8,033 परीक्षा केन्द्रों पर 15 कार्यदिवसों में परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च, 2026 से 04 अप्रैल, 2026 के मध्य निर्धारित किया गया था, जो कुल 254 मूल्यांकन केन्द्रों पर सम्पन्न हुआ।
परीक्षा परिणाम आज शाम 4 बजे घोषित करते हुए डॉ० महेंद्र देव, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं सभापति तथा भगवती सिंह, सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा बताया गया कि हाईस्कूल के समस्त परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 है।
इस बार 25,91,831 संस्थागत्, 9,550 व्यक्तिगत् कुल 26,01,381 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिसमें सम्मिलित परीक्षार्थियों में 13,43,524 बालक तथा 12,57,857 बालिकायें हैं। परिणाम के मुताबिक 23,45,814 संस्थागत् 6,367 व्यक्तिगत् कुल 23,52, 181 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित हुए । उन्होंने बताया कि संस्थागत् परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.51 तथा व्यक्तिगत् परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 66.67 है।
कुल उत्तीर्ण परीक्षार्थियों में 11,72,862 बालक तथा 11,79,319 बालिकायें हैं। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.76 है।सम्पूर्ण परीक्षार्थियों में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों के उत्तीर्ण प्रतिशत से 6.46 अधिक है।
वहीं इण्टरमीडिएट परीक्षा के सम्पूर्ण परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.38 रहा । इस बार इण्टरमीडिएट परीक्षा में 24,09,551 संस्थागत् 76,521 व्यक्तिगत् कुल 24,86,072 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिसमें 13,09,397 बालक तथा 11,76,675 बालिकायें हैं। उन्होंने बताया कि 19,38,986 संस्थागत् 59,331 व्यक्तिगत् कुल 19,98,317 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित हुए ।
संस्थागत् परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.47 तथा व्यक्तिगत् परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 77.54 है। कुल उत्तीर्ण परीक्षार्थियों में 9,82,610 बालक तथा 10,15,707 बालिकायें हैं। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.04 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.32 है।
सम्पूर्ण परीक्षार्थियों में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत बालकों के उत्तीर्ण प्रतिशत से 11.28 अधिक है।



