Sonbhadra News: कंपोजिट विद्यालय पड़वनिया मे ताला तोड़कर चोरों ने कई कीमती सामानों को किया पार
घोरावल क्षेत्र के पड़वनिया में संचालित कंपोजिट विद्यालय में चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया है। छुट्टी के दिन में इस घटना को अंजाम दिया गया है। प्रधानाध्यापक ने सूचना पुलिस को दे दी है।

sonbhadra
3:08 PM, September 21, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पड़वनिया मे ताला तोड़कर चोरों ने कई कीमती सामानों की चोरी कर ली। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने पुलिस को तहरीर देकर मामले के खुलासे के साथ सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को शिक्षक पठन - पाठन करा विद्यालय बंद करा कर घर चले गए। 17 सितंबर तक विद्यालयों में अवकाश घोषित था।
18 सितंबर को भारी बारिश के कारण बीएसए द्वारा स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था, परंतु सूचना न होने पर विद्यालय की रसोईयां विद्यालय पहुंची तो वहां का नजारा देख उसके होश उड़ गए। विद्यालय में किचन एवं एक कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
प्रधानाध्यापिका नागवंती देवी ने बताया कि सूचना पाकर जब वह विद्यालय पहुंची तो पाया कि विद्यालय से स्मार्ट एलईडी टीवी, सेटअप बॉक्स, किचन के बर्तन, बोर्ड रिमोट, ब्लूटूथ स्पीकर समेत कई सामान गायब मिले। प्रधानाध्यापिका ने घटना से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस को सूचना दी। प्रधानाध्यापिका ने पुलिस को तहरीर दे सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है।




