Sports news : 18 मंडलों के 400 तीरंदाजों ने लिया हिस्सा, पूर्व सांसद रामसकल ने किया उद्घाटन
संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ।

sonbhadra
6:19 PM, August 17, 2026
विनोद धर (संवाददाता)
सोनभद्र । संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों से करीब 400 तीरंदाज प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व सांसद एवं तीरंदाजी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामसकल ने ध्वजारोहण, गुब्बारे व सफेद कबूतर उड़ाकर किया। उद्घाटन अवसर पर आतिशबाजी भी की गई। कार्यक्रम में सुबह से ही विभिन्न मंडलों से पहुंचे खिलाड़ियों के प्रवेश और दस्तावेजों की जांच के बाद पंजीकरण कराया गया।
प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष स्टेडियम तैयार किया गया है। आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।
आयोजकों के अनुसार, सोनभद्र में यह प्रतियोगिता छठवीं बार आयोजित हो रही है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, खेल सचिवों, तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और 18 मंडलों से आए खिलाड़ी व टीम प्रबंधक मौजूद रहे।




