Sonebhadra News : फैमिली आईडी के लिए प्रत्येक सप्ताह 2400 आवेदन का लक्ष्य निर्धारित
जिले में फैमिली आईडी कार्ड बनाने की धीमी प्रगति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार ने मंगलवार को समीक्षा बैठक कर जहाँ अधिकारियों के पेंच कसे हैं वहीं छह विभागों को एक परिवार, एक पहचान के....

sonbhadra
9:04 AM, September 4, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में फैमिली आईडी कार्ड बनाने की धीमी प्रगति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार ने मंगलवार को समीक्षा बैठक कर जहाँ अधिकारियों के पेंच कसे हैं वहीं छह विभागों को एक परिवार, एक पहचान के तहत प्रत्येक सप्ताह 2400 फैमिली आईडी आवेदन कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।
बताते चलें कि शासन की तरफ से अध्यासित परिवारों के लिए फैमिली आईडी एक परिवार-एक पहचान योजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत ऐसे परिवार जो राशन कार्ड के पात्र नहीं है, उन्हे पोर्टल के माध्यम से फैमिली आईडी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फैमिली आईडी में सहूलियत होगी।
जिले में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति काफी धीमी है। 24 अगस्त तक मात्र 1506 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 94 आवेदन लंबित हैं। मंगलवार को समीक्षा बैठक करते हुए को सीडीओ सौरभ गंगवार ने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह फैमिली आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इन विभागों को प्रत्येक सप्ताह 2400 फैमिली आईडी बनाना है।
सीडीओ सौरभ गंगवार ने कहा कि "शासन ने जिले के शहर व गांवों के सभी परिवारों का फैमिली आईडी बनवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। एक परिवार, एक पहचान योजना के तहत सभी लोगों का फैमिली आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को 500-500 तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह 300-300 फैमिली आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इन विभागों को प्रत्येक सप्ताह 2400 फैमिली आईडी बनाना है। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को छूटे हुए गैर राशनकार्ड धारकों का फैमिली आईडी के लिए पोर्टल पर आवेदन कराने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने प्रत्येक सोमवार को प्रगति रिपोर्ट कार्यालय अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराते हुए अपने कार्यालय में भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिया है।"




