Sonbhadra Update News : अल्ट्रासाउंड सेंटर रजिस्ट्रेशन के नाम पर मांग रहा था 50 हजार, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ धर दबोचा
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को अल्ट्रासाउंड सेंटर रजिस्ट्रेशन करवाने के एवज में पचास हजार रुपए घूस लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के एक संविदा कर्मी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी चंचल यादव
sonbhadra
6:44 PM, March 18, 2026
आनंद चौबे (संवाददाता)
० सीएमओ ऑफिस में तैनात है घुसखोर संविदा कर्मी चंचल यादव
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की पुलिस टीम ने बुधवार को अल्ट्रासाउंड सेंटर रजिस्ट्रेशन करवाने के एवज में पचास हजार रुपए घूस लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के एक संविदा कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन मीरजापुर के निरीक्षक अनिल कुमार चौरसिया ने बताया कि आज दिन में स्वास्थ्य विभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्य कर रहे चंचल यादव को पचास हजार रुपए घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। मिर्जापुर के पीली कोठी निवासी मीरा देवी पत्नी रत्नेश कुमार शुक्ला ने लिखित शिकायत की थी कि स्वास्थ्य विभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्य कर रहे संविदाकर्मी चंचल यादव अल्ट्रासाउंड सेंटर खोलने हेतु होने वाले रजिस्ट्रेशन के लिए पचास हजार रूपए घूस मांग रहा है और परेशान कर रहा है। इस शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन के ट्रैप टीम ने बुधवार की दोपहर 13:35 बजे राबर्ट्सगंज रोडवेज परिसर में स्थित मन्दिर के पास से स्वास्थ्य विभाग के संविदाकर्मी को पचास हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया। गिरफ्तारी के बाद टीम संविदा कर्मी चंचल यादव को लेकर राबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचकर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही में जुटी हुई है ।



