Sonbhadra update News: खनन क्षेत्र में तेज रफ्तार टीपर ने युवक को कुचला, मौत
ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में एक अनियंत्रित टीपर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक घटना स्थल से टीपर वाहन को लेकर फरार हो गया।

sonbhadra
3:54 PM, May 16, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में एक अनियंत्रित टीपर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक घटना स्थल से टीपर वाहन को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने खनन क्षेत्र में अव्यवस्थित परिवहन, अवैध खनन तथा प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करने लगे। मृतक की पहचान अंकित कुमार चौरसिया (24) पुत्र नंदलाल निवासी सेक्टर-8 आकाशवाणी कॉलोनी, ओबरा के रूप में हुई ।
बताया जा रहा है कि अंकित एमआर की नौकरी करता था और वो अपने घर सुबह रॉबर्ट्सगंज से ओबरा आ रहे थे। इसी दौरान लगभग 8:30 बजे सुबह बिल्ली-मारकुंडी चढ़ाई के पास खदान से निकल रही तेज रफ्तार टीपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक टीपर वाहन के साथ फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टीपर वाहन समेत टीपर चालक की तलाश में जुटी है।
सीएचसी चोपन में तैनात डॉक्टर सुनील यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद अंकित कुमार को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार युवक का एक्सीडेंट बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में एक टीपर से हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
मृतक के परिजन सत्य प्रकाश चौरसिया ने आरोप लगाया कि खनन क्षेत्र से निकलने वाले भारी वाहन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने कहा कि इस महीने यह दूसरी या तीसरी बड़ी घटना है। इसके बावजूद न प्रशासन न पुलिस और न ही जनप्रतिनिधि इस समस्या को गंभीरता से ले रहे हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन सख्ती दिखाता, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण करता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराता तो शायद यह हादसा टल सकता था।




