Sonbhadra Update News : रामसरोवर तालाब से बरामद हुआ युवक का शव, हमीद नगर था निवासी
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक तालाब की सीढ़ियों के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

sonbhadra
11:05 PM, September 17, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर में रामसरोवर तालाब में गुरुवार शाम अचानक एक युवक के डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर और एसडीआरएफ टीम की मदद से शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हमीद नगर निवासी 30 वर्षीय आरिफ उर्फ पाशा पुत्र वजिद अहमद, गुरुवार शाम करीब तालाब के पास पहुंचा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक तालाब की सीढ़ियों के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। युवक के तालाब में गिरने की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल कुमार, क्षेत्राधिकार रणधीर मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। तालाब में तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लेकिन तालाब का पानी गहरा होने की वजह से एसडीआरएफ और गोताखोर की टीम को मौके पर बुलाया गया ।
मौके पर पहुची एसडीआरएफ और गोताखोर की टीम ने काफी मेहनत कर करीब 1 घंटे बाद शव को बाहर निकाला । पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने लगे। लोगों का कहना है कि तालाब में इन दिनों पानी अधिक है, लेकिन किनारों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, जाली या बाउंड्रीवाल नहीं है। जिससे कभी भी फिर घटना घट सकती है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से रामसरोवर तालाब के चारों ओर सुरक्षा के घेरा की मांग की है।




