UP News : सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, तीन सगे भाई-बहनों की मौत, कोहराम
इसी बीच लहरपुर की तरफ से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली तीनों को कुचलते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

sitapur
9:42 AM, November 15, 2026
० कोहरे के बीच पहले पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, फिर ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तीनों को कुचला
सीतापुर। जिले में कोहरे और धुंध के बीच तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तंबौर थाना क्षेत्र के रिहार स्थित गैस एजेंसी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवतियों समेत तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, देवपालपुर निवासी तीन सगे भाई-बहन बाइक से सीतापुर की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिहार गैस एजेंसी के पास एक अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच लहरपुर की तरफ से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली तीनों को कुचलते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान यशपाल पुत्र तुकाराम (22 वर्ष), पूजा (20 वर्ष) और गायत्री (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों देवपालपुर निवासी और सगे भाई-बहन थे।
घटना के बाद पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
एक ही परिवार के तीन बच्चों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। वहीं, कोहरे के बीच तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।




