Sonbhadra News : दिवंगत भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च
बिहार के भोजपुर निवासी भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर को लेकर गुरुवार की शाम सोनभद्र में युवाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने नगर के चाचा नेहरू पार्क से स्वर्ण जयंती.....

सवर्ण जयंती चौक पर दिवंगत भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकालते युवा......
sonbhadra
8:57 AM, June 26, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बिहार के भोजपुर निवासी भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर को लेकर गुरुवार की शाम सोनभद्र में युवाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने नगर के चाचा नेहरू पार्क से स्वर्ण जयंती चौक तक कैंडल मार्च निकालकर घटना की निष्पक्ष न्यायिक जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शाम करीब सात बजे चाचा नेहरू पार्क में एकत्रित हुए युवाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाला। मार्च के दौरान न्याय की मांग से जुड़े नारे लगाए गए। स्वर्ण जयंती चौक पहुंचकर युवाओं ने भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि किसी भी घटना में पुलिस कार्रवाई हुई है तो उसकी निष्पक्ष और न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने मांग की कि मामले में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में कथित फर्जी एनकाउंटर की घटनाएं बढ़ी हैं और इस पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में कानून का राज सर्वोपरि होना चाहिए और प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिए।
कैंडल मार्च के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्वर्ण जयंती चौक पर पुलिस बल तैनात रहा।
इस अवसर पर संतोष पाण्डेय, सत्यम पाण्डेय, राजनारायण मिश्रा, कन्हैया पाण्डेय, विपिन तिवारी, नमन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




