Sonbhadra News : करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में कोहराम
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के सरडीहा गाँव में सोमवार सुबह सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

sonbhadra
11:48 AM, July 27, 2026
रमेश (संवाददाता)
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के सरडीहा गाँव में सोमवार सुबह सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरडीहा गाँव निवासी बीरबल (36 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर पर सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह अचानक प्रवाहित हो रहे तेज करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।अस्पताल मेमो द्वारा स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस पंचनामा की औपचारिकता पूरी कर शव को पोस्टमार्टम (पीएम) हाउस भेजने की अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया-
मृतक बीरबल अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों (दो बेटे और दो बेटियां) का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। वह मेहनत-मजदूरी और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले इकलौते कमाऊ सदस्य थे। इस दुखद घटना के बाद से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे सरडीहा गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है




